कटरा बाजार (गोंडा)। ब्लॉक संसाधन केंद्र कटरा बाजार के प्रांगण में मंगलवार को मार्च 2020 में सेवानिवृत्त परिषदीय विद्यालयों के शिक्षकों के सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक बावन सिंह के कहा कि शिक्षक कभी सेवानिवृत्त नहीं होता है। वह आजीवन कुछ न कुछ शिक्षा देता रहता है। सरकार ने प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालय की व्यवस्था में काफी सुधार किया है।
समारोह के मुख्य अतिथि विधायक बावन सिंह ने सेवानिवृत्त शिक्षक जगदीश प्रसाद मिश्र, दूलम चंद्र, गोपी नाथ तिवारी व लियाकत अली को अंग वस्त्र व स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। विशिष्ट अतिथि प्रमुख प्रतिनिधि व जिला पंचायत सदस्य भवानी भीख शुक्ल ने कहा कि शिक्षक समाज का दर्पण है।
इसके अलावा विशिष्ट अतिथि भाजपा जिला उपाध्यक्ष व जिला पंचायत सदस्य अर्जुन प्रसाद तिवारी, बीएसए डॉ. इंद्रजीत प्रजापति ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन राम आशीष तिवारी ने किया। इस अवसर पर शरद शुक्ल, संदीप मौर्या, महेश्वर बक्स सिंह, मो. सऊद, प्रभाकर तिवारी आदि उपस्थित रहे।