गोंडा। भारत निर्वाचन आयोग के घोषित कार्यक्रम के अनुसार उत्तर प्रदेश विधान परिषद के गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन के लिए मतदान 01 दिसंबर को होगा।
यह जानकारी देते हुए सहायक रिटर्निंग ऑफीसर खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र/जिला मजिस्ट्रेट डॉ. नितिन बंसल ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर उत्तर प्रदेश विधान परिषद के गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में मतदान करने के लिए उत्तर प्रदेश राज्य के सभी कर्मचारी, जो शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से होने वाले राज्य विधान परिषद के निर्वाचन के लिए बोनाफाइड मतदाता है, को मताधिकार के प्रयोग के लिए 01 दिसंबर को विशेष आकस्मिक अवकाश किया जाएगा।
जिला मजिस्ट्रेट/सहायक निर्वाचन अधिकारी, खंड शिक्षक निर्वाचन ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्णय के अनुसार उत्तर प्रदेश विधान परिषद के गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन के लिए 01 दिसंबर को होने वाले मतदान में प्रतिरूपण को रोकने की दृष्टि से मतदान के समय ऐसे मतदाता जिन्हें फोटो पहचान पत्र जारी किये गये हैं, को अपनी पहचान सिद्ध करने के लिए मत देने से पूर्व अपना मतदाता फोटो पहचान पत्र प्रस्तुत करना होगा।
उन्होंने बताया कि वे निर्वाचक जो अपना निर्वाचन फोटो पहचान पत्र प्रस्तुत नहीं कर पाते हैं, उन्हें वैकल्पिक दस्तावेजों जैसे आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, भारतीय पासपोर्ट, राज्य/केंद्र सरकार, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम, स्थानीय निकाय या अन्य निजी औद्योगिक घरानों द्वारा अपने कर्मचारियों को जारी किये गये सेवा पहचान-पत्र, सांसदों/विधायकों/विधान परिषद सदस्यों को जारी किये गये आधिकारिक पहचान-पत्र, शैक्षिक संस्थाओं, जिनमें संबंधित शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र का निर्वाचक नियोजित हो, द्वारा जारी सेवा पहचान-पत्र, महाविद्यालय द्वारा जारी उपाधि/डिप्लोमा का प्रमाण-पत्र, मूलरूप में, सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी दिव्यांगता संबंधी प्रमाण-पत्र, मूलरूप में से कोई दस्तावेज मतदान स्टाफ को प्रस्तुत करना होगा।