गोंडा। रोडवेज बस स्टेशन के एक किलोमीटर दायरे में निजी वाहनों का संचालन रोकने के लिए यात्री कर अधिकारी व सीओ सिटी ने नगर कोतवाली पुलिस टीम के साथ पेट्रोलिंग की। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने के आरोप में वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
यात्री कर अधिकारी शैलेंद्र तिवारी ने बताया कि रोडवेज बस स्टेशन पर रोक के बावजूद निजी बसों व टैक्सियों के सवारियां बिठाने की शिकायत मिली थी। इसकी पड़ताल के लिए सीओ सिटी आनंद कुमार राय व नगर कोतवाल विवेक त्रिवेदी की टीम के साथ सुबह छह बजे से 7:30 बजे तक पेट्रोलिंग की गई। इस दाैरान तीन टैक्सियां रोडवेज बस स्टेशन के पास सवारियां भरते मिलीं। तीनों को सीज कर दिया गया। सड़क पर बेतरतीब खड़े 13 वाहनों का चालान किया गया।
परमिट व फिटनेस फेल, ओवरलोड मिले दो ट्रक सीज
यात्रीकर अधिकारी शैलेंद्र तिवारी ने बताया कि बुधवार को तरबगंज में वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान महाराष्ट्र के एक ट्रक को रोककर कागजात चेक किए गए। फिटनेस फेल मिला। परमिट भी नहीं था। इसके अलावा बरेली का एक ट्रक ओवरलोड मिली। दोनों को सीज कर 73 हजार का जुर्माना वसूला गया।इसके बाद परसपुर तरबगंज मार्ग के रगड़गंज के पास चेकिंग के दौरान एक बस का फिटनेस फेल मिला, जबकि दूसरी बस का परमिट नियमों के उल्लंघन में सीज कर दिया गया। दोनों बसों पर 12-12 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।