गोंडा। जिले में लोकसभा और विधानसभा की मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान तरबगंज और गोंडा सदर विधानसभा क्षेत्रों में सबसे अधिक मतदाता अनमैप पाए गए हैं। इन दोनों विधानसभाओं में क्रमशः 31,337 और 29,683 मतदाताओं की सुनवाई की जानी है, जिसके लिए अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। यह प्रक्रिया बुधवार से शुरू की जाएगी।
अधिकारियों ने बताया कि सभी सातों विधानसभा क्षेत्रों को मिलाकर 1.54 लाख अनमैप मतदाता हैं। मतदाताओं की सुनवाई के लिए 13 दस्तावेज मांगे गए हैं। एसडीएम सदर अशोक कुमार गुप्ता ने बताया कि सुनवाई के लिए जहां कार्यालय निर्धारित किए गए हैं वहीं, कुल 21 अधिकारियों को लगाया गया है। इसके साथ ही तरबगंज विधानसभा में सबसे अधिक अनमैप मतदाता हैं। तरबगंज एसडीएम विश्वमित्र सिंह ने बताया कि सुनवाई के लिए कुल 19 अधिकारियों को लगाया गया है। निर्धारित समयसीमा के भीतर सुनवाई की जाएगी। एडीएम आलोक कुमार ने बताया कि अनमैप मतदाताओं की सुनवाई के लिए विभिन्न सरकारी कार्यालयों जैसे तहसील, ब्लॉक, बीईओ (खंड शिक्षा अधिकारी), सीडीपीओ (बाल विकास परियोजना अधिकारी) और नगर पंचायत कार्यालयों में व्यवस्था की गई है। पूरी प्रक्रिया 27 फरवरी तक संपन्न कर ली जाएगी।