गोंडा। अयोध्या से सटे ग्राम इस्माइलपुर, लोलपुर में भूमाफियाओं के खिलाफ कार्रवाई करने और किसानों को उनका हक दिलाने की मांग को लेकर बृहस्पतिवार को अन्नदाता किसान यूनियन के पदाधिकारी कलेक्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने अतिरिक्त मजिस्ट्रेट अशोक कुमार को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की।
जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक को संबोधित ज्ञापन में कहा गया है कि अयोध्या से सटे गांवों में किसानों की भूमि पूर्व में राष्ट्रीय राजमार्ग को लेकर अधिग्रहीत की गई थी। इसके बाद सरकार ने श्रीराम अयोध्या गेट के लिए कृषि भूमि को अधिग्रहित किया। आरोप लगाया कि इसके बाद होटल निर्माण के लिए किसानों की जमीन भूमाफियाओं ने बहला-फुसलाकर बिक्री करवा दी। इसमें ऐसे भी किसान शामिल हैं जो जनजाति व अनुसूचित जनजाति के हैं। बगैर किसानों की अनुमति के धारा 80 की कार्रवाई कराकर बैनामा करा लिया। जिससे कई किसान भुखमरी के कगार पर हैं। ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। साथ ही किसानों को उनकी जमीन वापस दिलाने की मांग की है। चेतावनी दी है कि अगर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।