नवाबगंज (गोंडा)। बैंक अधिकारी के साथ हुई लूट की वारदात में पुलिस सीसीटीवी फुटेज के सहारे बदमाशों की तलाश कर रही है। पुलिस अयोध्या के देवकाली से कटरा के किशुनदासपुर तक करीब 10 किमी क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है। सीसीटीवी फुटेज में एक बिना नंबर की कार दिखाई पड़ी है। पुलिस कार की तलाश कर रही है।
फतेहपुर जिले घाघा तहसील निवासी व प्रथमा ग्रामीण बैंक की पंतनगर शाखा में तैनात विधि अधिकारी योगेंद्र प्रताप सिंह के साथ सोमवार रात लूट का मामला आया था।
पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था।
प्रभारी थानाध्यक्ष विश्वास चतुर्वेदी ने बताया कि घटनास्थल तथा आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। इसमें एक संदिग्ध कार दिखाई दी है, लेकिन कार पर नंबर प्लेट नहीं थी, जिससे कार मालिक की पहचान करने में परेशानी आ रही है। प्रभारी थानाध्यक्ष ने बताया कि लुटेरों की पहचान के लिए पुलिस टीम गठित की गई है। जल्द ही खुलासा किया जाएगा। एसपी विनीत जायसवाल ने बताया कि सीओ के स्तर से मामले की निगरानी की जा रही है।