फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सरयू में जल भरने को उमड़ा भतों का रेला

विज्ञापन
गोंडा के करनैलगंज में सरयू नदी से जल भरते कांवड़िए। - फोटो : GONDA
विज्ञापन
गोंडा। पूर्वांचल का सबसे बड़ा त्योहार हरितालिका (कजरी) तीज पर जलाभिषेक के लिए रविवार की सुबह से ही लाखों कांवड़ियों की आस्था सरयू तीरे हिलोरें मारती रहीं। दूर दराज जिले व इलाकों से आए हजारों कांवड़िये तो शनिवार की रात ही सरयू घाट पर पहुंच गए थे। लेकिन रविवार की सुबह शहर से लेकर गांवों के लाखों कांवड़िये विभिन्न साधनों से करनैलगंज स्थित सरयू तीरे कटरा घाट पर पहुंच गए। सुबह चार बजे से गेरुआ वस्त्र धारण किए श्रद्धालुओं ने स्नान कर पात्र में जल भरा और शिवालयों की ओर रवाना हो गए। इस दौरान बोल बम के जयकारे गूंजते रहे। स्नान व जल भरने का सिलसिला पूरे दिन चलता रहा और रात में भी चलता रहेगा। कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए सैकड़ों बैरियर बनाए गए। वाहनों की आवाजाही पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया गया।
विज्ञापन

शनिवार को सरयू से जलभर कर करीब सात लाख कांवड़ियों का जत्था महाभारत काल में स्थापित पृथ्वीनाथ शिवमंदिर के लिए रवाना हुआ। करीब 50 किलोमीटर की दूरी तक कांवड़ियों से सड़क गेरुआ रंग में रंगी नजर आई। करनैलगंज से पहाड़ापुर, कटरा बाजार, शांतिनगर, रामापुर, कौड़िया बाजार, आर्यनगर होते हुए गोकरन शिवाला के रास्ते कांवड़िये बाबा पृथ्वीनाथ मंदिर में स्थित एशिया की सबसे बड़ी शिवलाट पर जलाभिषेक के लिए कतारबद्ध हो गए। कांवड़ियों की सेवा के लिए पूरे रास्तें में में 500 से अधिक सेवा शिविर व खानपान के शिविर लगाए गए। लोगों ने कांवड़ियों को कोई दिक्कत न हो इसके लिए जनरेटर से विद्युत आपूर्ति की और दूर-दूर तक रोशनी लगाई। हर प्रमुख चौराहों पर पुलिस व पीएसी के जवान, होमगार्ड लगे रहे।
मेडिकल टीम, एंबुंलेंस तथा डॉक्टरों की टीम मोबाइल पर रही। दूसरी तरह सरयू से जलभरकर करीब तीन लाख कांवड़िए गोंडा नगर के दुखहरन नाथ मंदिर के लिए रवाना हुए। करीब 35 किलोमीटर दूरी तक सैकड़ों शिविर लगाए गए थे। करनैलगंज, चौरी चौराहा, मैजापुर स्टेशन मोड़, बालपुर, माधवपुर, पोर्टरगंज, आंबेडकर चौराहा, टामसन चौराहा, एलबीएस चौराहा, गुरुनानक चौराहा सहित तमाम स्थान पर पुलिस पिकेट बनाया गया और शिविर लगाए गए थे। पसका सूकर खेत में भौरीगंज में भी कांवड़ियों ने जलभरकर विभिन्न शिवालयों की ओर रवाना हुए। करनैलगंज से कांवड़ियों का कुछ जत्था हुजूरपुर-बहराइच रोड पर स्थित बरखंडी नाथ मंदिर के लिए रवाना हुुआ। अयोध्या सरयू से जलभर कर कांवड़ियों का जत्था करीब 100 किलोमीटर की यात्रा कर पृथ्वीनाथ शिवमंदिर, वजीरगंज स्थित बालेश्वरनाथ शिवमंदिर के लिए रवाना हुआ।
विज्ञापन

एसपी व डीआईजी ने बोट पर बैठ लिया सुरक्षा का जायजा
सरयू में स्नान करते समय किसी प्रकार की समस्या न हो इसके लिए नदी में कई नावें लगाई गई थीं। नदी में बैरीकेड्रिग कराई गई थी। पीएसी के जवानों व एनडीआरएफ की टीम को लगाया गया था। कांवड़ियों के हुजूम को देखते हुए डीआईजी डा राकेश सिंह, एसपी आरके नैयर ने बोट पर बैठकर सुरक्षा का जायजा लिया। सभी जवानों को एलर्ट रहने का निर्देश दिया गया।
रफ्तार धीमी कर चलाई गईं ट्रेनें
पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन ने कांवड़ियों की भीड़ को देखते हुए गोंडा से बुढ़वल जंक्शन के बीच ट्रेनों की स्पीड कम करके संचालित किया गया। पूर्वोत्तर रेलवे के परामर्शदात्री समिति के वरिष्ठ सदस्य पंकज श्रीवास्तव ने जीएम से मिलकर ट्रेनों की स्पीड कम करके चलाने का आग्रह किया था। इस पर जीएम ने आदेश जारी कर इन स्टेशनों के मध्य ट्रेनों की स्पीड कम कर दी। इतना ही नहीं पैसेंजर व अन्य कई ट्रेनों का ठहराव सरयू स्टेशन पर किया गया। कारण हजारों कांवड़िए विभिन्न ट्रेनों से सरयू स्नान के लिए रवाना हुए थे।
अमर उजाला ने लगाया मेडिकल व सेवा शिविर
आंबेडकर चौराहे पर हर वर्ष की भांति अमर उजाला की ओर से मेडिकल व सेवा शिविर लगाया गया। मेडिकल शिविर में डॉ. अमित गुप्त ने अपने पूरे स्टाफ के साथ कांवड़ियों को दवाएं दीं और सहायता प्रदान की। इस दौरान अमर उजाला के कैंप में कांवड़ियों को जलपान कराया गया। फल का वितरण किया गया। डॉ. अमित के साथ उनकी पत्नी स्वीटी गुप्ता, श्रेया गुप्ता सहित दिनेश, आशीष, दिनेश चौबे सहित अमर उजाला का पूरा परिवार कांवड़ियों की सेवा में लगा रहा।
मुस्लिम भाइयों ने फल व मिठाई देकर किया कांवड़ियों का स्वागत
गोंडा। रविवार को जल भरने के लिए रवाना हुए कांवड़ियों का कटरा बाजार में मुस्लिम भाइयों ने स्वागत किया और उन्हें फल व मिठाई देकर शुभकामनाएं दी। पूर्व ब्लॉक प्रमुख मसूद आलम खान की अगुवाई में जियाउर्रहमान खान, फरमान खान, अशफाक खान, इरफान खान, मुराद, सलमानी, सहाबुद्दीन,भगेलू, माली, जियाउलहक सहित अन्य मुलिस्म भाइयों ने करनैलगंज से पृथ्वी नाथ मंदिर तक स्वागत द्वार बनाकर कांवड़ियों का स्वागत किया। इस दौरान कांवड़ियों को फल व मिष्ठान वितरण किया।
वहीं इटियाथोक कस्बे में जलभर कर पृथ्वीनाथ मंदिर जाने वाले कांवड़ियों का भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के सदस्यों ने स्वागत किया। हनुमान मंदिर चौराहे पर आयोजित इस कार्यक्रम में अयोध्या से पृथ्वीनाथ पैदल जा रहे शिव भक्तों पर भारतीय जनता पार्टी अल्पसंख्यक मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने एक समारोह का आयोजन कर पुष्प वर्षा की। समारोह के मुख्य अतिथि विधायक विनय कुमार द्विवेदी मुन्ना भैया रहे। इसके अलावा खरगूपुर मार्ग पर विधायक विनय कुमार द्विवेदी मुन्ना भैया ने एक कार्यक्रम में कांवड़ियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया। इस दौरान शेषदत्त शुक्ला, सोनू मिश्रा, अशोक चौरसिया सहित तमाम लोग मौजूद रहे। भगवा रक्षा वाहिनी व अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद ने भी शिव भक्तों के लिए औषधि का वितरण किया। इस अवसर पर फूल चंद्र गुप्ता, मुकेश तिवारी, प्रवेश प्रताप शर्मा आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें