मंगुरा बाजार (गोंडा)। बेसहारा जानवरों को बचाने में गन्ने से लदा ट्रैक्टर पलट गया। इसमें ट्रैक्टर चालक किसान युवक की दबकर मौके पर ही मौत हो गयी। बुधवार की सुबह करीब 8 बजे थाना उमरीबेगमगंज के डिक्सिर निवासी सुरेन्द्र शुक्ल (32) पुत्र हृदय नरायन शुक्ल गन्ना लेकर तौल कराने कुंदरखी चीनी मिल जा रहे थे।
ट्रैक्टर पर उनके साथ उनके पिता हृदय नरायन भी बैठे थे। गोंडा-बेलसर मार्ग पर कस्तूरबा विद्यालय के पास सड़क पर घूम रहे छुट्टा जानवरों को बचाने में कोहरा के चलते ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। जिसके नीचे सुरेंद्र शुक्ल दब गये। पिता हृदय नरायन दूर जा गिरे।
पिता के शोर मचाने से मौके पर आसपास के लोग एकत्र हो गए और ट्रैक्टर के नीचे दबे सुरेंद्र को निकालने की कोशिश करने लगे। कड़ी मसक्कत करने के बाद ग्रामीणों ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को पलट कर किसी तरह सुरेंद्र को निकाला और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेलसर पहुंचाया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी। डॉक्टरों ने सुरेंद्र को मृत घोषित कर दिया।