गोंडा। नवाबगंज गन्ना समिति में तैनात लेखाकार राजेंद्र प्रसाद यादव का रविवार की रात लखनऊ स्थित मेयो हॉस्पिटल में कोरोना संक्रमण के कारण निधन हो गया। गोरखपुर निवासी राजेंद्र यादव विगत 25 दिसंबर से कोरोना की चपेट में थे।
पहले गोरखपुर मेडिकल कॉलेज उसके बाद लखनऊ स्थित मेयो हॉस्पिटल में इलाज चल रहा था। इस बीच दो बार उनकी रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई। लेखाकार के दो पुत्र, तीन पुत्रियां हैं।
सूचना मिलते ही गन्ना समिति पर पर शोक सभा कर कार्यालय को बंद कर दिया गया। शोक सभा के दौरान ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक हरीश चंद चौधरी, सचिव गन्ना समिति नवाबगंज अवधेश प्रताप सिंह व कर्मचारी सूबेदार पांडेय, शिव चंद सिंह, अनुराग सोनी, श्रवण कुमार, राम प्रकाश सिंह आदि मौजूद रहे। सचिव अवधेश प्रताप सिंह ने बताया कि समिति को सैनिटाइज कराया गया है। सभी कर्मियों की जांच भी कराई गई है, जिसमें सबकी रिपोर्ट निगेटिव आई है।
बलरामपुर में सोमवार को आई कोरोना रिपोर्ट में एक व्यक्ति पॉजिटिव पाया गया है। जिला सूचना कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार कोरोना जांच में लालजोत चरगहिया बलरामपुर में एक व्यक्ति की रिपोर्ट पॉजिटिव पाया गया है।
सोमवार को दो कोरोना मरीजों की दूसरी रिपोर्ट निगेटिव मिली है। स्वस्थ होने वाले इन मरीजों को 14 दिन होम क्वारंटीन रहने का निर्देश देते हुए घर भेज दिया गया है। जिले में कोरोना पॉजिटिव केस की संख्या 2121 हो गई है। 2056 लोग स्वस्थ होकर घर जा चुके है। 34 लोगों की मौत हो चुकी है। जिले में कोरोना के एक्टिव केस 31 है।