गोंडा। जिले में दो राजकीय पॉलीटेक्निक में 480 सीटों पर छात्रों को इस बार प्रवेश मिल सकेगा। कोरोना संकट के चलते ऑनलाइन प्रक्रिया का विस्तार किया गया है। अब ऑनलाइन काउंसिलिंग के साथ पंसद की सीट मेरिट से लॉक करने की सुविधा के साथ ही फीस जमा करने की सुविधा भी हासिल होगी।
गोंडा के राजकीय पॉलीटेक्निक में 300 सीटों पर प्रवेश होंगे और आदमपुर राजकीय पॉलीटेक्निक में 180 सीटों पर प्रवेश मिलेगा। प्राचार्य प्रमथेश सहाय कहते हैं कि आनलाइन प्रक्रिया होनी है। छात्रों को राज्य स्तर से जानकारी दी जा चुकी है।
यूपी पॉलीटेक्निक 2020 का परिणाम जारी हो गया है। प्रवेश के लिए प्रक्रिया शुरू हो गई। प्रवेश के लिए काउंसिलिंग में शामिल होना अनिवार्य है। रजिस्ट्रेशन और चॉइस फिलिंग 30 सितंबर 2020 शुरू हो जाएगी। छात्र जेईईसीयूपी की आधिकारिक वेबसाइट जेईईसीयूपीडाट इन पर जाकर यूपी पॉलीटेक्निक काउंसिलिंग 2010 के लिए रजिस्ट्रेशन कर सकेंगे।
इसके अलावा छात्र पेज पर दी गई लिंक से भी रजिस्ट्रेशन कर सकेंगे। रजिस्ट्रेशन के समय उम्मीदवारों को विकल्प का चयन करना होगा। विकल्प में अभ्यर्थियों को संस्थान और कार्यक्रम के नाम का उल्लेख करने की जरूरत होगी। काउंसिलिंग के दौरान छात्रों को सीट आवंटित की जाएगी, जिसके बाद छात्रों को कालेज में रिपोर्ट करनी होगी।
प्रवेश के लिए तय समय पर करनी होगी प्रक्रिया
पॉलीटेक्निक में प्रवेश के लिए 28 सितंबर को परिणाम जारी होने के बाद ऑनलाइन काउंसिलिंग 30 सितंबर से शुरू हो रही है। पॉलीटेक्निक काउंसिलिंग 2020 के लिए छात्रों को पांच चरणों से होकर गुजरना होगा।
पहले चरण में ऑनलाइन पंजीकरण, काउंसलिंग प्रक्रिया में भाग लेने के लिए छात्रों को सबसे पहले रजिस्ट्रेशन करना होगा। छात्र आधिकारिक वेबसाइट या दिए गए लिंक से खुद को पंजीकृत करेंगे, छात्रों को लॉगिन करना होगा जिसके लिए उन्हें रोल नंबर और पासवर्ड की जरूरत पड़ेगी। जिसके बाद छात्रों को काउंसिलिंग शुल्क भी भरना होगा। शुल्क का भुगतान करने के बाद ही पंजीकरण प्रक्रिया को पूरा माना जाएगा।
दूसरे चरण में चॉइस फिलिंग (पसंद भरना) छात्रों को अपनी रैंक और अपनी पसंद के हिसाब से अपने पसंद के कॉलेज का ऑप्शन भर सकते हैं। छात्रों को आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर चॉइस फिलिंग भरना होगा। शॉर्टलिस्ट किए गए उम्मीदवारों को सीट आवंटन प्रक्रिया के दिन मूल दस्तावेजों और फोटोकॉपी को साथ लेकर आना होगा।
तीसरे चरण में दस्तावेज काउंसिलिंग के दौरान छात्रों को अपने साथ सभी जरूरी दस्तावेज लेकर आने होंगे जिसमें कक्षा 10वीं और 12वीं की मार्कशीट व सर्टिफिकेट, जेईईसीयूपी 2020 काउंसिलिंग पत्र, जेईईसीयूपी 2020 एडमिट कार्, डजेईईसीयूपी 2020 स्कोर कार्ड, आईडी कोर्ड, जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, दो पासपोर्ट साइज फोटो की जरूरत होगी।
चौथे चरण में सीट आवंटन और शुल्क जमा करना होगा। छात्रों की योग्यता और रैंक के आधार पर सीटों का आवंटन होगा, आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर सीट आवंटन की प्रक्रिया प्राप्त कर सकेंगे। सीट आवंटन प्रक्रिया के लिए छात्रों का रजिस्ट्रेशन नंबर और पासवर्ड भरने की जरूरत पड़ेगी। छात्र को सुरक्षा शुल्क के रूप में 300 रूपये जमा करने होंगे।
पांचवें चरण में जिन छात्रों की प्रवेश प्रक्रिया पूरी हो जाएगी, उन्हें निर्धारित तिथि के अनुसार आवंटित कॉलेज या संस्थान में रिपोर्ट करना होगा। लिखित परीक्षा की मेरिट व आरक्षण के आधार पर संस्थान व ब्रांच ऑनलाइन काउन्सलिंग के माध्यम से आवंटित किये जाते हैं।
पॉलीटेक्निक प्रवेश के लिए ऑनलाइन प्रकिया शुरू हो गई है। छात्रों को लिंक भी दिया गया है और अधिकारिक बेवसाइट पर भी पूरी जानकारी है। सीट आवंटन के बाद आवंटित कालेज में रिपोर्ट करना है।
- प्रमथेश सहाय, प्राचार्य राजकीय पॉलीटेक्निक