गोंडा। नगर कोतवाली क्षेत्र में कक्षा नौ के एक छात्र को पीटकर धमकाने और लाखों रुपये के जेवर व नकदी हड़पने का मामला सामने आया है। एसपी के आदेश पर नगर कोतवाली में एफआईआर दर्ज की गई है।
पीड़ित के पिता नरेंद्र देव शुक्ल ने एसपी को दिए गए शिकायती पत्र में बताया कि उनका पुत्र एक स्कूल में कक्षा नौ का छात्र है। उसी कक्षा में पहले एक और छात्र पढ़ता था, जिससे उनके बेटे की जान-पहचान थी। कुछ दिन पहले बेटा चुंगी नाका के पास जा रहा था। रास्ते में उसकी स्कूटी से एक बच्चे को हल्की चोट लग गई। उस समय स्कूल का पूर्व छात्र भी वहीं मौजूद था। घायल बच्चा अपने घर चला गया, लेकिन पूर्व छात्र ने उनके बेटे को रोक लिया और पिटाई करते हुए पैसे की मांग करने लगा।
पीड़ित के अनुसार, पैसे न देने पर आरोपी ने उसे कई बार रास्ते में रोककर पीटा और सोने-चांदी के जेवर लाने का दबाव बनाया। आरोप है कि पूर्व छात्र ने धमकी दी कि यदि जेवर व पैसे नहीं दिए तो वह उसे जान से मार देगा और उसका वीडियो बनाकर वायरल कर देगा। पिटाई और धमकी से डरे छात्र ने घर से एक-एक कर कई गहने ले जाकर आरोपी को दे दिए। घर से जेवर गायब होने पर जब परिजनों ने पूछताछ की तो छात्र ने पूरी घटना बताई। एसपी के आदेश पर नगर कोतवाली पुलिस ने आरोपी छात्र व उसके अज्ञात साथियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। (संवाद)