रुपईडीह। ब्लॉक परिसर में तीन दिनों से चल रहा छात्रों का धरना बृहस्पतिवार की शाम उप जिलाधिकारी सदर जितेंद्र गौतम के लिखित आश्वासन मिलने के बाद समाप्त हो गया।
छात्र नेता अंकित शुक्ला ने बताया कि जर्जर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) भवन ढहाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बनवाने सहित 10 मांगों को लेकर धरना दिया जा रहा था। उन्होंने बताया कि आर्यनगर चौराहे पर गोलंबर बनवाना, आर्यनगर उपकेंद्र की क्षमता बढ़ाना, कौड़िया बाजार में उच्च क्षमता का ट्रांसफार्मर लगाना, जेठपुरवा-कौड़िया की विद्युत लाइन बदलना, टनटनवापुर-उसरैना मार्ग की मरम्मत और मिश्र कौड़िया में राजकीय होम्योपैथिक अस्पताल का भवन बनवाने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे लोगों को उप जिलाधिकारी ने समाधान का भरोसा दिलाया। जिस पर धरना समाप्त कर दिया गया है।
कहा कि अगर मांगों पर समय रहते काम नहीं शुरू हुआ तो फिर आंदोलन किया जाएगा। इस मौके पर अंकित मिश्र, शनि श्रीवास्तव, अमृत लाल, सुभाष गौतम, साबिर अली, प्रेम तिवारी, हरीश कुमार, रवि राजन, शिवम शुक्ल और अरशद हुसैन आदि मौजूद रहे।