गोंडा। युवा कल्याण विभाग की ओर से ब्लाक झंझरी में खुली खेल प्रतियोगिता विवादों से घिर गई है। प्रतियोगिता में भाग लेने गए छात्रों को कुछ लोगों ने मारपीट कर भगा दिया। जिससे नाराज छात्रों ने शनिवार को डीएम आवास पर पहुंच कर कार्रवाई की मांग की। नगर मजिस्ट्रेट वंदना त्रिवेदी ने मामले में कोतवाल देहात को जांच के आदेश दिए हैं।
छात्रों का कहना था कि चहेते छात्रों को सफल कराने के लिए झंझरी में बड़े पैैमाने पर हेराफेरी हुई है। नगर मजिस्ट्रेट ने छात्रों की पूरी बात सुनी और अधिकारियों से बात किया। देर शाम को खेल प्रतियोगिता को निरस्त कर दिया गया। अब प्रतियोगिता शहीदे आजम भगत सिंह इंटर कॉलेज में रविवार को सुबह 9 बजे होगी।
युवा कल्याण विभाग की ओर से शुक्रवार को झंझरी के महादेव इंटर कॉलेज राम नगर तरहर में ग्रामीण खेल प्रतियोगिता हुई थी। जिसमें शामिल होने गए छात्रों को वहां मौजूद लोगों ने भगा दिया।
इससे नाराज छात्रों खुशी सिंह, श्योम्या सिंह, अंशिका उपाध्याय, पायल सिंह, अनामिका सिंह, स्वाती सिंह, रचना दूबे, श्रेया सिंह, अर्चना दूबे, शिवांगी तिवारी, मनीषा, आकृति, शिवानी, शाहीन गुडिया के साथ ही गनेश कश्यप, सौरभ सिंह, संजय चौहान, शिवम, मनीष, निरंजन, अमित, विशाल, सोभित, सौरभ पांडे, सौरभ यादव, संदीप पाल, अनुकल्प, उमेश, अमित शुक्ल, सूरज, अंकुर, अंश, गौरव, अतुल, विवेक आदि ने जिलाधिकारी से पूरी समस्या बताने उनके आवास पहुंचे। वहां पर नगर मजिस्ट्रेट ने पूरी बात सुनी।
उन्होंने जिला युवा कल्याण अधिकारी प्रदीप त्रिपाठी से पूरे मामले की जानकारी लिया। बताया जा रहा है कि कॉलेज की ओर से मनमानी की गई थी। जिला युवा कल्याण अधिकारी ने खेल प्रतियोगिता दोबारा कराने का आदेश जारी कर दिया। छात्रों ने कहा कि उनकी मांग पूरी हो गई। इस बार मुख्यालय पर आयोजन तय किया गया है इससे अब सही ढंग से प्रतियोगिता होगी।