गोंडा। जिलाधिकारी ने अयोध्या-गोंडा मार्ग को फोरलेन में परिवर्तित कर एनएचआई के प्रोजेक्ट में शामिल करने के लिए पत्र लिखा है। जिलाधिकारी ने बताया कि एनएच-330 टू-लेन होने के कारण ट्रैफिक की समस्या बनी रहती है।
इसलिए यातायात सुगम बनाने के दृष्टिगत उक्त सड़क मार्ग को टू-लेन से फोरलेन में चौड़ीकरण के लिए राजमार्ग मंत्रालय को पत्र लिखा गया है। उन्होंने बताया इसके लिए सांसद गोंडा के स्तर से भी प्रयास किया जा रहा है। अयोध्या से सटे होने के कारण गोंडा का विकास भी अब जरूरत बन गया है।
अयोध्या विकास प्राधिकरण में जिले के 63 गांव व नगर पालिका परिषद नवाबगंज को शामिल किया जा चुका है। ऐसे में अयोध्या की ओर जाने वाले राज्यमार्ग पर वाहनों का दबाव बढ़ गया है।
वहीं सांसद गोंडा कीर्तिबर्धन सिंह ने पहले ही भारत सरकार व प्रदेश सरकार को पत्र लिखकर राज्य मार्ग को एनएचआई में शामिल कर टू लेन से फोर लेन में परिवर्तित करने की मांग की है।