एलबीएस महाविद्यालय के सामने हादसे के बाद जुटी भीड़ व विमल की फाइल फोटो। -संवाद
झंझरी/माधोपुर/गोंडा। एलबीएस पीजी कॉलेज के सामने मंगलवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। वहां नगर पालिका के वेंडिंग जोन में लगे स्ट्रीट लाइट के पोल में उतरे करंट की चपेट में आई छात्रा प्राची (20) को बचाने के प्रयास में भाई विमल कुमार (24) भी बुरी तरह झुलस गए। मेडिकल कॉलेज पहुंचाने डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्राची को गंभीर हालत में लखनऊ रेफर कर दिया गया।
बहराइच के हुजूरपुर थाना क्षेत्र के भग्गड़वा बाजार की रहने वाली प्राची करनैलगंज स्थित सरयू डिग्री कॉलेज में बीएड की छात्रा हैं।
उनका परीक्षा केंद्र एलबीएस पीजी कॉलेज है। मंगलवार सुबह साढ़े छह बजे वह अपने भाई विमल कुमार के साथ बीएड द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षा देने एलबीएस पीजी कॉलेज आई थीं। सुबह रुक-रुककर हो रही बारिश के कारण कॉलेज परिसर और आसपास पानी भरा था। परीक्षा शुरू होने में कुछ समय था। ऐसे में बारिश से बचने के लिए भाई-बहन कॉलेज के सामने नगर पालिका परिषद द्वारा बनाए गए मॉडल वेंडिंग जोन के टिनशेड की तरफ जाने लगे। इसी दौरान वहां स्ट्रीट लाइट के एक पोल में करंट उतरा था।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पोल के संपर्क में आते ही प्राची करंट की चपेट में आ गईं। बहन को तड़पते देख विमल ने अपनी जान की परवाह किए बिना छुड़ाने का प्रयास किया। जैसे ही विमल ने बहन को पकड़कर खींचा, वह भी करंट की चपेट में आ गए। कुछ ही क्षण में दोनों जमीन पर गिर पड़े। मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने तुरंत कॉलेज के कर्मचारियों को सूचना दी।
कॉलेज के शिक्षक और कर्मचारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पोल के आसपास मौजूद छात्र-छात्राओं को दूर किया और बिजली विभाग व नगर पालिका को सूचना दी। इसके बाद एंबुलेंस से दोनों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने विमल को मृत घोषित कर दिया। प्राची की हालत गंभीर होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद लखनऊ रेफर कर दिया गया। प्राची की हालत चिंताजनक बनी हुई है।
नगर कोतवाल बिंदेश्वरी मणि त्रिपाठी ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों को सूचना दे दी गई है। घटना की जांच कराई जा रही है।
एलबीएस महाविद्यालय के सामने हादसे के बाद जुटी भीड़ व विमल की फाइल फोटो। -संवाद