झंझरी/करनैलगंज। नकहरा गांव में बुधवार दोपहर 14 वर्षीय छात्रा कामिनी को सांड़ ने दौड़ा लिया। बचने के लिए भागते समय वह बिजली के खंभे में टकरा गई, जिसमें करंट उतरा था। करंट की चपेट में आने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
कामिनी के बड़े भाई राहुल निषाद ने बताया कि कामिनी गांव के प्राथमिक विद्यालय में कक्षा छह की छात्रा थी। बुधवार दोपहर वह गांव के लाखन की दुकान पर शैंपू लेने गई थी। तभी उसे सांड़ ने दौड़ा लिया। बचने के लिए भागते समय कामिनी बिजली के खंभे में उतरे करंट की चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। दो भाइयों राहुल और मोहित में कामिनी छोटी थी। राहुल ने बताया कि पिता पंचम की 10 वर्ष पूर्व मौत हो चुकी है।
इंस्पेक्टर नरेंद्र प्रताप राय ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मुख्य अभियंता यदुनाथ यथार्थ का कहना है कि विद्युत सुरक्षा निदेशालय से जांच कराकर पीड़ित परिवार को नियमानुसार आर्थिक मदद दिलाई जाएगी।
सांड़ के हमले में बुजुर्ग घायल
मसकनवा। नरायनपुर निवासी रजनीश तिवारी ने बताया कि उनके चाचा जगत नारायण तिवारी (70) बृहस्पतिवार को घर के बाहर बैठे थे। इसी दौरान छुट्टा सांड़ ने उन पर हमला कर दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें सीएचसी छपिया ले गए, जहां डाॅ. संजय कुमार ने प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। (संवाद)