नवाबगंज में सुरक्षा को लेकर एसओ को निर्देश देते एसपी विनीत जायसवाल। - संवाद
गोंडा। अयोध्या में मंगलवार को ध्वजारोहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन को लेकर गोंडा में चौकसी कड़ी कर दी गई है। अयोध्या सीमा से सटी सरयू नदी में मोटर बोट से निगरानी की जा रही है। सीमावर्ती 40 गांवों में स्थानीय पुलिस के साथ ही एलआईयू की टीम निगरानी कर रही है। इन गांवों में रह रहे लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। पूरे इलाके में ड्रोन कैमरों से भी नजर रखी जा रही है।
एसपी विनीत जायसवाल ने बताया कि दो एएसपी व पांच सीओ की अगुवाई में स्थानीय पुलिस व दो कंपनी पीएसी को अयोध्या सीमा की सुरक्षा में लगाया गया है। सीमावर्ती इलाके की हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। कटरा शिवदयालगंज तिराहे पर बैरियर लगाया गया है। अयोध्या की सीमा पर मोबाइल टीम, इंटरसेप्टर टीम, पिकेट, ड्रोन निगरानी, क्यूआरटी, भीड़ नियंत्रण टीमों तथा चिकित्सा व फायर यूनिट को लगाया गया है।
इसके साथ ही जिलेभर में 40 बैरियर लगाए गए हैं। एसपी ने बताया कि पूरे जिले में वाहनों की जांच कराई जा रही है। होटलों व ढाबों की जांच के लिए पुलिस टीमों को निर्देश दिया गया है। बताया कि कटरा शिवदयालगंज रेलवे स्टेशन पर भी पुलिस बल लगाया गया है। यहां पर आरपीएफ व जीआरपी से भी समन्वय स्थापित किया गया है।
अफसरों ने परखी सुरक्षा व्यवस्था
नवाबगंज। अयोध्या में मंगलवार को आयोजित होने वाले ध्वजारोहण समारोह के मद्देनजर सोमवार को एसपी विनीत जायसवाल व अन्य अफसरों ने सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लिया। एसपी ने बॉर्डर पर लगाए गए बैरियर, सीसीटीवी कैमरों, चेकिंग पॉइंट्स, एंट्री व एग्जिट रूट तथा रूट डायवर्जन की व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बॉर्डर से गुजरने वाले सभी वाहनों व संदिग्ध व्यक्तियों की सघन चेकिंग सुनिश्चित की जाए। इस दौरान सीओ तरबगंज उमेश्वर प्रभात सिंह, नवाबगंज थानाध्यक्ष अभय सिंह सहित अन्य मौजूद रहे।
बदला रूट, पैदल हुआ आवागमन
अयोध्या में भव्य समारोह के मद्देनजर रूट डायवर्जन लागू किया गया है। अयोध्या में वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। ऐसे में श्रद्धालु परेशान हैं। अयोध्या से पैदल ही आवागमन हो रहा है। प्रशासन ने कटरा शिवदयालगंज से पुराने सरयू पुल तक सभी वाहनों के संचालन को रोक दी है।