करनैलगंज में खाद्य सुरक्षा टीम के साथ निरीक्षण करती एसडीएम नेहा मिश्रा। स्रोत: विभाग
करनैलगंज। होली के त्योहार से पहले खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए जिले में विशेष अभियान शुरू कर दिया है। बृहस्पतिवार को करनैलगंज में एसडीएम नेहा मिश्रा और खाद्य विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से दुकानों पर छापा मारा। इस दौरान खोया, पनीर, मिठाई और दूध के कुल आठ नमूने लिए गए, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा।
जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने पूरे जिले में मिलावटखोरों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। एसडीएम नेहा मिश्रा ने खाद्य विभाग के चीफ संजय कुमार और खाद्य निरीक्षक संतोष सिंह, प्रमोद कुमार, अंकुर मिश्र, राजस्व निरीक्षक रामबहादुर पांडेय, लेखपाल विकास सिंह के साथ नगर की दुकानों पर जांच की। टीम ने तहसील के सामने स्थित रामजी मोदनवाल के होटल पर छापा मारा, जहां मिठाई समेत अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए। दुकान में गंदगी मिलने पर एसडीएम ने संचालक को कड़ी फटकार लगाई। इसके बाद गोंडा-लखनऊ मार्ग स्थित दीपू स्वीट्स से विभिन्न प्रकार की मिठाइयों, खोया और पनीर के नमूने लिए गए। मिठाई निर्माण स्थल पर गंदगी पाए जाने पर व्यापारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।
ग्राम पिपरी स्थित सृष्टि दूध डेयरी में भी टीम ने बारीकी से निरीक्षण किया। डेयरी संचालक द्वारा संतोषजनक जवाब न दे पाने पर फटकार लगाई गई और दूध सहित अन्य खाद्य सामग्री के नमूने लिए गए। इसके अलावा दो अन्य दूध विक्रेताओं की दुकानों से भी नमूने एकत्र किए गए।