गोंडा। अनामिका शुक्ला प्रकरण की जांच कर रही यूपी एसटीएफ की अयोध्या टीम शुक्रवार को तरबगंज के रामपुर टेंगरहा स्थित लघु माध्यमिक विद्यालय पहुंची। टीम ने तीन शिक्षकों के बयान दर्ज किए। इसके बाद धानेपुर में प्रकरण से जुड़े शिक्षकों से पूछताछ के लिए रवाना हो गई।
एसटीएफ के जांच अधिकारी सौरभ कुमार मिश्र की अगुवाई वाली टीम शुक्रवार दोपहर 12 बजे रामपुर टेंगरहा स्थित लघु माध्यमिक विद्यालय पहुंची। वहां तीन शिक्षकों को तलब कर बंद कमरे में साढ़े तीन घंटे तक पूछताछ की। तीनों के बयान दर्ज किए। इसके बाद नियुक्ति प्रकरण से जुड़े धानेपुर स्थित एक विद्यालय के शिक्षकों के बयान दर्ज करने के लिए टीम रवाना हो गई। हालांकि एसटीएफ को धानेपुर में जिन शिक्षकों से पूछताछ करनी थी, वह नहीं मिले। इसलिए टीम अयोध्या लौट आई। एसटीएफ शनिवार को प्रकरण से जुड़े अन्य शिक्षकों से पूछताछ कर सकती है।
यह है मामला
24 अगस्त 2025 को आवास विकास कॉलोनी निवासी प्रदीप कुमार पांडेय की तहरीर पर कोर्ट के आदेश के बाद नगर कोतवाली पुलिस ने केस दर्ज किया। इसमें तत्कालीन वित्त एवं लेखाधिकारी सिद्धार्थ दीक्षित, बीएसए अतुल कुमार तिवारी, वित्त एवं लेखाधिकारी कार्यालय के बाबू अनुपम पांडेय, भैया चंद्रभान दत्त स्मारक विद्यालय रामपुर टेंगरहा के प्रबंधक दिग्विजय नाथ पांडेय, चंद्रभान दत्त स्मारक विद्यालय प्रधानाचार्य और अनामिका शुक्ला समेत अन्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी। हालांकि हाईकोर्ट के आदेश पर मामले की जांच यूपी एसटीएफ को सौंप दी गई है।