गोंडा। जिले में प्रमुख सड़कों के किनारे बेतरतीब तरीके से खड़े हाेने वाले ट्रक व टैंकर कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं। कोहरे व धुंध के दौरान अचानक वाहन के सामने आ जाने से छोटी गाड़ियां दुर्घटना का शिकार हो रही हैं।
मोड़, ओवरब्रिज व संपर्क मार्गों के पास खड़े इन वाहनों पर न तो चेतावनी संकेत होते हैं और न ही पार्किंग के मानक का पालन किया जा रहा है, जिससे राहगीरों की जान जोखिम में पड़ गई है। पुलिस की पेट्रोलिंग टीम भी वाहनाें को देखकर नजरअंदाज कर देती है।
सीन–एक
मिश्रौलिया ओवरब्रिज के पास खतरे की पार्किंग
बडगांव पुलिस चौकी से गल्लामंडी रोड की ओर जाने वाले मार्ग पर मिश्रौलिया ओवरब्रिज से पहले अक्सर सड़क किनारे ट्रक व टैंकर खड़े नजर आते हैं। कोहरे और धुंध के समय ये वाहन दूर से दिखाई नहीं देते, जिससे पीछे से आ रही छोटी गाड़ियां अचानक सामने वाहन पाकर संतुलन खो बैठती हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार हादसे होते-होते बचे हैं, लेकिन नियमित कार्रवाई न होने से स्थिति जस की तस बनी हुई है।
सीन–दो
दुरौनी चौराहे के पास बढ़ी दुर्घटना की आशंका
परसपुर–पसका मार्ग पर दुरौनी चौराहे के पास सड़क के किनारे खड़े भारी वाहनों के कारण सामने से आ रही गाड़ियां समय रहते दिखाई नहीं देतीं जिससे वाहनों की अवैध पार्किंग से टकराव की आशंका बनी रहती है। सुबह व शाम के समय यहां सबसे अधिक खतरा रहता है, लेकिन जिम्मेदार विभागों की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
सड़क किनारे खड़े वाहनों पर होगी कार्रवाई
-सड़क के किनारे वाहनों को खड़ा करने को लेकर अभियान चलाया जा रहा है। बिना कारण जो भी वाहन सड़क के किनारे खड़े मिले, उन पर कार्रवाई की जाएगी।
आरसी भारतीय, एआरटीओ