जिले में 801 ग्राम प्रधानों व 10053 ग्राम पंचायत सदस्यों का चुनाव शांतिपूर्ण व निष्पक्ष ढंग से कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद है। सभी ब्लॉकों में मतगणना स्थल चिह्नित कर लिए गए हैं। चारों चरणों का चुनाव पूरा होने के बाद 12 दिसंबर से मतगणना केंद्रों पर एक साथ वोटों की काउंटिंग कराई जाएगी।
तीनों तहसीलों के एसडीएम की निगरानी में सभी नौ ब्लॉकों के बीडीओ इन मतगणना स्थलों पर स्ट्रांग रूम की व्यवस्था की तैयारी पूरी कराएंगे। मतदान केंद्रों की व्यवस्था में कमियां मिलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी व डीएम प्रीति शुक्ला ने मंगलवार को चिह्नित किए गए सभी मतगणना केंद्रों को चाक-चौबंद कराने का निर्देश तीनों तहसीलों के एसडीएम को जारी कर दिया है।
सदर तहसील में एसडीएम इंदुभूषण वर्मा, उतरौला तहसील में एसडीएम रामहर्ष मौर्य और तुलसीपुर तहसील में एसडीएम केएन गुप्ता को मतगणना केंद्रों को चुस्त-दुरुस्त कराने की जिम्मेदारी सौंपी है।
सभी नौ ब्लॉकों की 801 ग्राम पंचायतों व 10053 ग्राम पंचायत सदस्यों का चुनाव चार चरणों में कराया जाएगा। पहले चरण में 28 नवंबर को पचपेड़वा व गैसड़ी, दूसरे चरण में एक दिसंबर को तुलसीपुर व हरैया सतघरवा, तीसरे चरण में पांच दिसंबर को बलरामपुर व श्रीदत्तगंज और चौथे चरण में नौ दिसंबर को उतरौला, गैड़ास बुजुर्ग और रेहरा बाजार ब्लॉकों में वोट डाले जाएंगे।
चारों चरणों का चुनाव पूरा होने के बाद 12 दिसंबर-2015 को सभी नौ ब्लॉकों में मतगणना केंद्रों पर एकसाथ काउंटिंग कराई जाएगी। सभी मतगणना केंद्रों में स्ट्रांग रूम बनाए जाएंगे।
स्ट्रांग रूम की सुरक्षा के लिए सशस्त्र सुरक्षा बलों की तैनाती की जाएगी। तीनों तहसीलों के एसडीएम की निगरानी में सभी ब्लॉकों के बीडीओ मतगणना केंद्रों पर व्यवस्थाएं चाक-चौबंद कराएंगे।
औचक निरीक्षण में मतगणना केंद्रों की व्यवस्थाओं में कमियां पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कठोर कार्रवाई की चेतावनी डीएम ने दी है।
ब्लॉक का नाम मतगणना केंद्र का नाम
बलरामपुर मंडी समिति भगवतीगंज
हरैया सतघरवा रामलाल मोहनलाल इंटर कॉलेज शिवपुरा
तुलसीपुर कृषि उत्पादन मंडी समिति, तुलसीपुर
गैसड़ी राजकीय इंटर कॉलेज गैसड़ी
पचपेड़वा फजल-ए-रहमानिया इंटर कॉलेज पचपेड़वा
उतरौला मोहम्मद यूसुफ उस्मानी इंटर कॉलेज उतरौला
श्रीदत्तगंज राजकीय इंटर कॉलेज दारीचौरा
गैड़ास बुजुर्ग ब्लॉक मुख्यालय गैड़ास बुजुर्ग
रेहरा बाजार वीपीएस इंटर कॉलेज रेहरा बाजार