गोंडा। विधानसभा चुनाव के मतगणना की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। गुरुवार को एनआईसी में मतगणना कर्मचारियों का प्रथम रैंडमाइजेशन जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. उज्ज्वल कुमार एवं प्रभारी अधिकारी कार्मिक सीडीओ शशांक त्रिपाठी की मौजूदगी में संपन्न हुआ।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि प्रत्येक विधानसभा की मतगणना के लिए 14 टेबल बनाई जा रही हैं। सातों विधानसभाओं की ईवीएम की मतगणना कुल 98 टेबल पर होगी। पोस्टल बैलेट के लिए विधानसभावार अलग से टेबल लगाई जाएंगी। मतगणना के लिए रिजर्व को मिलाकर कुल 161 पार्टियां रहेंगी। इनमें 133 पार्टियां ईवीएम की मतगणना व 28 पार्टियां मतपत्र की गणना के लिए होंगी।
प्रभारी अधिकारी कार्मिक शशांक त्रिपाठी ने बताया कि मतगणना के लिए कुल 644 कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई हैं। मतगणना कर्मचारियों का प्रशिक्षण पांच मार्च को जिला पंचायत सभागार में कराया जाएगा। प्रथम रैंडमाइजेशन के दौरान एनआईसी में सीआरओ जयनाथ यादव, उप जिला निर्वाचन अधिकारी सुरेश सोनी, डीडीओ दिनकर विद्यार्थी, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी गिरीश प्रजापति, जिला कृषि अधिकारी जेपी यादव, सहायक जिला सूचना विज्ञान अधिकारी अविनाश दूबे उपस्थित रहे।