गोंडा। करनैलगंज विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत बरदहा रामपुर में जल्द ही ग्रामीण स्टेडियम का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए प्रशासन की ओर से तैयारियां तेज कर दी गई हैं। शासन स्तर पर कार्यदायी संस्था के रूप में यूपी सिडको को नामित किया गया है।
प्रभारी जिला युवा कल्याण अधिकारी पंकज तिवारी ने बताया कि बरदहा रामपुर गांव में ग्रामीण स्टेडियम के निर्माण के लिए भूमि चिह्नित कर ली गई है। जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन के स्तर से प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा गया था, जिसे स्वीकृति मिल गई है। उन्होंने बताया कि शासन की ओर से उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास निगम (यूपी सिडको) को कार्यदायी संस्था के रूप में नामित किया गया है। अब संबंधित संस्था की ओर से स्टेडियम निर्माण का आगणन तैयार किया जाएगा। इसके बाद निर्माण शुरू कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
ग्रामीण स्टेडियम बनने से क्षेत्र के खिलाड़ियों को अभ्यास और खेल प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। स्थानीय स्तर पर खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। साथ ही युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ने में भी मदद मिलेगी।