चुनाव के दौरान जनसभाओं में धर्म, जाति तथा अंधविश्वास के नाम पर लोगों को बरगलाने वाले नेताओं के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है। अंधविश्वासी भाषण देने वाले महा क्रांति दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष के खिलाफ देहात कोतवाली में चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन का केस दर्ज कराया गया है।
डीएम राम विशाल मिश्र ने बताया कि महा क्रांति दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालजी यादव उर्फ संत जी ने बीते दिनो सिसई गांव में आयोजित जनसभा के दौरान यह कहकर अंधविश्वास फैलाया था कि यदि उनका प्रत्याशी जीता और प्रदेश में उनकी सरकार बनी तो औरतों का बांझपन दूर हो जाएगा।
सूनी गोद वाली महिलाएं पुत्रवती हो जाएंगी। राष्ट्रीय अध्यक्ष के इस भाषण को प्रशासन ने गंभीरता से लेकर छानबीन की तो पता चला कि उन्होंने जनसभा के दौरान समाज में अंधविश्वास फैलाने की कोशिश की है और यह लोक जनप्रतिनिधित्व अधिनियम का उल्लंघन है।
डीएम के निर्देश पर सदर तहसीलदार राजेश सिंह ने बलरामपुर देहात कोतवाली में लालजी यादव के खिलाफ चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन का केस दर्ज कराया है। देहात कोतवाल राज कुमार यादव ने बताया कि मामले में अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।