गोंडा। मौसम के बदलते मिजाज के कारण चल रही तेज हवा व खेतों में खड़ी गेहूं की फसल को लेकर पावर कॉरपोरेशन अलर्ट मोड में है। तेज हवा के कारण खेतों के ऊपर से गुजरने वाली एचटी लाइन के तारों के टकराने से खेतों में आशंकित आगजनी की घटनाओं को रोकने के लिए विभाग ने सभी विद्युत उपकेंद्रों को विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया है। इसके साथ ही सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक बिजली आपूर्ति में भी विशेष एहतियात बरता जा रहा है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति प्रभावित हो सकती है।
सर्वर ने बढ़ाई परेशानी
मेंटेनेंस कार्यों के चलते विभाग का सर्वर बंद होने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। अधिकारियों के अनुसार सर्वर में आई गड़बड़ी के कारण शुक्रवार शाम से 4 अप्रैल सुबह 9 बजे तक ऑनलाइन सेवाएं बाधित रह सकती हैं। इस दौरान बिजली बिल जमा करने समेत अन्य ऑनलाइन कार्य प्रभावित होने से उपभोक्ताओं को भी काफी परेशानी उठाना पड़ रही है।
ट्रांसफार्मर जलने पर तय होगी जिम्मेदारी
मुख्य अभियंता यदुनाथ यथार्थ ने बताया कि सभी अवर अभियंताओं को अपने क्षेत्रों में विद्युत लाइनों और ट्रांसफार्मरों की नियमित जांच और मरम्मत के निर्देश दिए गए हैं। यदि लापरवाही के चलते ट्रांसफार्मर जलता है तो संबंधित अभियंता की जिम्मेदारी तय की जाएगी।