देवीपाटन मंडल के आयुक्त डॉ. सुधीर कुमार दीक्षित ने सोमवार को दीपावली के मद्देनजर इंडो-नेपाल सीमा पर विशेष चौकसी के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि त्योहार में बार्डर उस पार से हर आने-जाने वाले व्यक्ति पर नजर रखी जाए और किसी भी तरह की सूचना खुफिया तंत्र से जरूर साझा की जाए, ताकि किसी भी प्रकार की आतंकवादी गतिविधि न घटित होने पाए। मंडल के चार जिलों के अधिकारियों के साथ आयुक्त कार्यालय में समीक्षा बैठक करते हुए मंडलायुक्त ने कई योजनाओं में फिसड्डी अधिकारियों को चेतावनी भी दी।
मंडल में विद्युतीकरण की धीमी प्रगति, राज्य पोषण मिशन के तहत गोद लिए गए गांवों में पोषण की स्थिति, रोगी कल्याण योजना के तहत रोगियों को अपेक्षित सहायता न दिलाए जाने, स्वच्छ भारत अभियान के तहत गांवों को ओडीएफ करने की धीमी प्रगति पर कमिश्नर ने नाराजगी जताई।
वहीं कुछ अधिकारियों की जगह आए अवर अभियंता व बाबुओं से कमिश्नर ने दोबारा से मीटिंग में न आकर अधिकारियों को भेजने के लिए कहा। विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में सबसे खराब स्थिति राज्य पोषण मिशन, स्वास्थ्य विभाग व पावर कॉर्पोरेशन की पाई गई।
वहीं खाद्य विभाग की समीक्षा में पता चला कि कई जनपदों में राशन कार्डों की फीडिंग में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी की जा रही है। इसका संज्ञान लेते हुए आयुक्त ने उपायुक्त खाद्य देवीपाटन मंडल को निर्देश दिए कि तत्काल राशन कार्डों की फीडिंग में हो रहीं गड़बड़ियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जाए।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में नियमित टीकाकरण, जननी सुरक्षा योजना के तहत आशाओं व लाभार्थी महिलाओं को भुगतान की स्थिति संतोषजनक नहीं मिली। गोंडा-जरवल फोरलेन व गोंडा-बलरामपुर सीसी रोड के निर्माण की धीमी प्रगति पर भी आयुक्त ने नाराजगी व्यक्त करते हुए अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी को कड़े निर्देश दिए हैं।
मंडलायुक्त ने डीआईजी, डीएम व पुलिस अधीक्षकों को दीपावली पर सभी जगहों पर विशेष सतर्कता बरतने के साथ ही इंडो-नेपाल सीमा की विशेष चौकसी के निर्देश दिए हैं। इस मौके पर सभी जिलों के डीएम व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।