गोंडा में सोशल मीडिया पर वायरल पोस्ट
कटरा बाजार। सोशल मीडिया पर सपा के पूर्व विधायक की फेसबुक पोस्ट से सियासी घमासान शुरू हो गया है। कटरा बाजार के पूर्व विधायक बैजनाथ दूबे ने अपनी पोस्ट में भाजपा विधायक बावन सिंह और उनके पुत्र व हलधरमऊ ब्लॉक प्रमुख के प्रतिनिधि वैभव सिंह उर्फ मोनू पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने लिखा कि जिले में हलधरमऊ ब्लॉक पूरी तरह भ्रष्टाचार में लिप्त है और पिता-पुत्र मिलकर ब्लॉक का जमकर शोषण कर रहे हैं। पोस्ट में जिलाधिकारी को भी टैग किया गया है।
कुछ घंटों बाद भाजपा विधायक बावन सिंह के पुत्र मोनू ने फेसबुक पर पलटवार करते हुए लिखा कि यदि एक रुपये का भी भ्रष्टाचार साबित हो जाए तो राजनीति और ब्लॉक दोनों से इस्तीफा दे देंगे। मोनू ने आरोप को निराधार बताते हुए पूर्व विधायक को चार धाम यात्रा पर जाने की सलाह दी और पोस्ट में हंसने वाली इमोजी भी लगाई।
इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर दोनों दलों के समर्थकों में आरोप-प्रत्यारोप की होड़ मच गई है। पोस्ट और उस पर टिप्पणियों को लेकर जिले में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।