मनकापुर (गोंडा)। सेवानिवृत्त शिक्षक के छोटे बेटे की सड़क दुर्घटना में मौत होने से घर में कोहराम मच गया। आठ दिसंबर को उसकी शादी थी। कोतवाली क्षेत्र के कस्बा स्थित पटेल नगर निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक परशुराम वर्मा का छोटा बेटा नवीन कुमार वर्मा (30) बड़े भाई सुनील कुमार वर्मा के साथ बीते दो वर्षों से गुजरात के जनपद गांधी नगर में एक निजी कंपनी में एकाउंटेंट के पद पर कार्यरत था। शनिवार शाम को बाजार जा रहा था।
इसी बीच किसी वाहन की चपेट में आ जाने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। उपचार के दौरान रविवार को उसकी मौत हो गई। सोमवार को शव मनकापुर स्थित घर पहुंचा तो कोहराम मच गया। कस्बा सहित क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
परिजनों को ढांढ़स देने के लिए लोगों का तांता लग गया। पिता परशुराम वर्मा ने बताया कि बेटे नवीन कुमार की लाकडाउन के पहले ही इंगेजमेंट हो चुकी थी। तीस नवंबर को तिलक समारोह व आठ दिसंबर को शादी थी। जिसकी तैयारियां भी पूरी कर ली गई थी। शादी का कार्ड भी रिश्तेदारों में बांटा जा चुका था। इस घटना को बताते वह फफक फफक कर रोने लगे।