परसपुर थाने में आयोजित समाधान दिवस में शिकायतें सुनते एसपी विनीत जायसवाल। - संवाद
परसपुर/गोंडा। दोपहर करीब 12:30 बजे परसपुर थाने में समाधान दिवस में एसपी विनीत जायसवाल के सामने इकनिया माझा के अखिलेश सिंह पेश हुए। कहा कि विपक्षी ने जबरदस्ती दीवार उठा ली है और उस पर छत डालने की तैयारी कर रहे हैं। एसपी ने प्रभारी निरीक्षक दिनेश सिंह से कहा कि इस मामले को आप खुद देखिए। अगर दूसरा पक्ष नहीं मानता है तो पीड़ित से तहरीर लेकर मुकदमा लिखकर जेल भेजिए।
बहुवन मदार माझा की तीन नाबालिग बेटियां एसपी के सामने फरियाद लेकर पहुंचीं। कहा कि पिता की मृत्यु हो गई है। कुछ लोगों ने उनकी सात बीघा जमीन पर कब्जा कर लिया है। इस पर एसपी ने टीम गठित कर जांच के आदेश दिए हैं। इसी गांव के सुरेश ने भूमि की पैमाइश कराने की मांग की।
तीन को हवालात में बंद कराया
मनकापुर(गोंडा)। थाना समाधान दिवस में दोपहर 12:10 बजे अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी मनोज कुमार रावत के समक्ष समसापुर तिवारी पुरवा के दो पक्ष के दर्जन भर लोग रास्ते के विवाद को लेकर पहुंचे। इस मामले में पूर्व में हुए झगड़े की बात सामने आने पर तीन लोगों को हवालात में बंद करवा कर कोतवाल को कार्रवाई के निर्देश दिए। ग्राम बारगाह जोत की कुसुमा ने खाद के गड्ढे की भूमि पर कब्जा करने की शिकायत की। कुल 15 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिसमें मौके पर एक भी निस्तारण नहीं हो सका।
पत्थर तोड़ने पर मुकदमा दर्ज
करनैलगंज(गोंडा)। करनैलगंज कोतवाली में आयोजित समाधान दिवस में अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी राधेश्याम राय व उप जिलाधिकारी भारत भार्गव के समक्ष ग्राम नारायनपुर माझा निवासी राधा देवी ने शिकायत दर्ज कराई। कहा कि राजस्व कर्मचारियों के भूमि का सीमांकन करने के बाद विपक्षी ने पत्थर को तोड़कर सीमा विवाद पैदा कर दिया है। एसडीएम के आदेश पर इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। ग्राम मलौना में भूमि के बैनामे में जमीन अलग और चौहद्दी अलग दिखाकर बैनामा कराने के मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं।
खोली में शांतनु का स्वागत करते कांग्रेस कार्यकर्ता। -संवाद