गोंडा। नगर कोतवाली पुलिस और एएनटीएफ बाराबंकी की संयुक्त टीम ने रेलवे गेस्ट हाउस के पास से अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 10.936 किलो चरस, कार और मोबाइल बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार एक किलो चरस की कीमत करीब पांच लाख रुपये है। इस आधार पर बरामद चरस की अनुमानित कीमत 54.68 लाख रुपये है।
सीओ सिटी योगेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी की पहचान देहात कोतवाली के बिसवां गनेश निवासी गिरजेश कुमार वर्मा के रूप में हुई है। वह बिहार के खजुरिहा से कम कीमत में चरस खरीदकर प्रदेश के विभिन्न जिलों में ऊंचे दाम पर बेचता था। गोंडा में भी वह ग्राहक को खेप पहुंचाने आया था। इसी दौरान घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने तस्करी के लिए हुंडई ईओन कार दो हजार रुपये प्रतिदिन किराये पर लेने की बात बताई। पुलिस ने उसके खिलाफ नगर कोतवाली में एनडीपीएस एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कर न्यायालय भेज दिया।