जिले के रूपईडीह शिक्षा क्षेत्र में समय से विद्यालय न आने व स्कूल से बिना किसी सूचना के गैरहाजिर रहने पर रुपईडीह के परिषदीय स्कूलों के 6 शिक्षकों का वेतन रोकते हुए स्पष्टीकरण तलब किया है।
बेसिक शिक्षा विभाग में कार्यरत शिक्षकों का ढर्रा नही सुधर रहा है। इसका खुलासा रुपईडीह के खंड शिक्षा अधिकारी की जांच में हुआ है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अजय कुमार सिंह ने बुधवार को बताया कि रुपईडीह में कई स्कूलों में शिक्षकों के न जाने की शिकायतें मिल रही थी।
इन शिकायतों का संज्ञान लेते हुए रुपईडीह के खंड शिक्षा अधिकारी रामराज से स्कूलों का आकस्मिक निरीक्षण कराया गया। इस निरीक्षण में उच्च प्राथमिक विद्यालय देवरिया खाम में तैनात सहायक अध्यापक संजय सिंह बिना किसी सूचना के गैरहाजिर मिले।
संजय सिंह का एक दिन का वेतन काटते हुए उनसे स्पष्टीकरण तलब किया गया है। यहीं के उच्च प्राथमिक विद्यालय कहला में तैनात शिक्षक संजीव आकस्मिक अवकाश पर मिले। लेकिन प्रार्थना पत्र न होने के कारण उनका तीन दिन का वेतन अदेय करते हुए स्पष्टीकरण मांगा गया है।
प्राथमिक विद्यालय कहला में कार्यरत कमिलकांत मिश्र व मुकेश कश्यप गैरहाजिर मिले। प्राथमिक विद्यालय गूदरशाहपुरवा में शिक्षक ओंकारनाथ गैरहाजिर मिले। प्राथमिक विद्यालय देवरिया खाम में शिक्षिका गीता देवी बिना किसी सूचना के अनुपस्थित मिली।