गोंडा/करनैलगंज। जिले में सोमवार को छह और कोरोना पॉजिटिव मिलने से हड़कंप मच गया है। इसी के साथ जिले में कोरोना पॉजिटिव केसेज की संख्या 44 हो गई है।
पॉजिटिव पाये गये मरीजों में एक व्यक्ति झंझरी ब्लॉक, एक मुजेहना ब्लॉक, एक बेलसर, एक छपिया और एक व्यक्ति वजीरगंज ब्लाक का रहने वाला है। कोतवाली करनैलगंज क्षेत्र के ग्राम कचनापुर डीहा में जम्मू से आया एक युवक सोमवार को कोरोना पॉजिटिव निकला। जिसकी सूचना मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम तत्काल गांव में पहुंच गई और युवक के कांटेक्ट ट्रेसिंग का काम शुरू कर दिया है। कोरोना पॉजिटिव निकला युवक 10 जून को जम्मू से अपने घर पहुंचा था और सूचना के आधार पर 12 जून को उसका सैंपल लिया गया था। जिसकी रिपोर्ट सोमवार को आने के बाद वह पॉजिटिव निकला। बताया जाता है कि दो दिनों तक वह अपने घर पर मौजूद रहा।
इसके साथ ही युवक करनैलगंज बाजार में भी आया था और गांव के अन्य लोगों के घर में भी गया था। पॉजिटिव रिपोर्ट आने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम तत्काल गांव पहुंची। पॉजिटिव निकले युवक के घर समेत आसपास के घरों को सेनीटाइज कराया व कांटेक्ट ट्रेसिंग का काम शुरू कर दिया। सीएचसी करनैलगंज के अधीक्षक डॉ. सुरेश चंद्रा बताते हैं कि जम्मू से आने के बाद युवक दो दिन अपने घर पर मौजूद रहा। इस दौरान उसके द्वारा क्वारंटीन का पालन नहीं किया गया है। इसकी सूचना मिली है। जिसके आधार पर उसका ब्यौरा एकत्र किया जा रहा है। युवक कहां कहां गया है और किससे मिला है उसकी सूची तैयार की जा रही है। सूचना खंड विकास अधिकारी व उप जिलाधिकारी को दी गई है। गांव में लगातार सैनिटाइज कराने के साथ-साथ सुरक्षात्मक उपाय कराए जा रहे हैं।