विधान सभा चुनाव को लेकर विधायकी के नामांकन प्रक्रिया में धीरे-धीरे तेजी आने लगी है। दूसरे दिन विभिन्न राजनीतिक दलों के चार प्रत्याशियों ने नामांकन किया।
कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुक्रवार को मेहनौन सीट से सपा प्रत्याशी राहुल शुक्ला, तरबगंज सीट से बसपा प्रत्याशी पप्पू सिंह परास, कटरा बाजार सीट से भाजपा प्रत्याशी बावन सिंह व गौरा सीट से बसपा प्रत्याशी अब्दुल कलाम मलिक ने पर्चा भरा।
विधान सभा चुनाव को लेकर गुरूवार से शुरू हुए नामांकन प्रक्रिया में अब तक पांच बड़े दलों के उम्मीदवार नामांकन कर चुके हैं। शुक्रवार को मेहनौन विधान सभा सीट से सपा के उम्मीदवार राहुल शुक्ला ने बन्दोबस्त अधिकारी चकबन्दी कोर्ट पर रिटर्निंग आफीसर आरबी सिंह के समक्ष नामांकन पत्र दाखिल किया।
इसके अलावा कटरा विधान सभा सीट से भाजपा प्रत्याशी बावन सिंह ने अपर उप जिलाधिकारी द्वितीय के कोर्ट पर आरओ उमेश चन्द उपाध्याय के समक्ष अपना पर्चा प्रस्तुत किया। जबकि तरबगंज विधान सभा सीट से बसपा उम्मीदवार पप्पू सिंह परास ने आरओ राम सजीवन मौर्य के समक्ष अपना पर्चा दाखिल किया।
वहीं गौरा विधान सभा सीट से बसपा उम्मीदवार अब्दुल कलाम मलिक ने सीआरओ कोर्ट पर आरओ नन्हें लाल के समक्ष अपना नामांकन पर्चा दाखिल किया। नामांकन के दूसरे दिन प्रशासन की ओर से नामांकन स्थल पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे।
उम्मीदवार अपने भारी समर्थकों के साथ नामांकन स्थल पर नही पहुंच सके। नामांकन स्थल के आसपास सुरक्षा कर्मी मुस्तैद रहे।