चाैक बाजार में राखी खरीदतीं बहनें और सराफा दुकान में चांदी की राखियां देखतीं मां-बेटी। संवाद
गोंडा। रक्षाबंधन के त्योहार में अब दो दिन ही शेष हैं। ऐसे में बाजारों में रौनक बढ़ गई है। बहनें भाइयों की कलाई सजाने के लिए रंग-बिरंगी राखियां खरीद रही हैं तो भाई भी बहनों को उपहार देने के लिए दुकानों का रुख कर रहे हैं। शहर का चौक बाजार सुबह से रात तक ग्राहकों से गुलजार है।
बाजार में बच्चों के लिए कार्टून और आकर्षक डिजाइन वाली राखियों के साथ ही पारंपरिक, स्टोन, मोती और फैंसी राखियों की खूब मांग है। दुकानदारों ने भी ग्राहकों को लुभाने के लिए अलग-अलग डिजाइन और कीमतों की राखियों का स्टॉक सजाया है। बहनें अपनी पसंद और बजट के अनुसार राखियों का चयन करती नजर आ रही हैं।
चांदी की राखियां भी खूब चलन में हैं। 2500 से 10 हजार रुपये तक की चांदी की राखी बाजार में उपलब्ध है। चौक बाजार में सराफा की दुकान पर पहुंचीं कविता ने बताया कि इस बार भाई को चांदी की राखी बांधेंगी। इसलिए वह अपनी मां के साथ राखी खरीदने आई हैं। दुकानदार शिवकुमार सोनी ने कहा कि भाई भी उपहार देने के लिए सोने-चांदी के जेवर ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि सहालग के बाद रक्षाबंधन पर सराफा बाजार में कुछ तेजी आई है।
चाैक बाजार में राखी खरीदतीं बहनें और सराफा दुकान में चांदी की राखियां देखतीं मां-बेटी। संवाद