करनैलगंज। जिस आंगन में छह वर्षीय महक अपने छोटे भाइयों कैरफ (5) और करन (2) के साथ खेलती थी, वहां शुक्रवार को मातम पसरा रहा। आरोप है कि शराब के नशे में पिता ने गुस्से में महक को जमीन पर पटक दिया। गंभीर हालत में पुलिस उसे अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मां लक्ष्मी समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने आरोपी पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
हटही गांव निवासी प्रमोद गौतम कुछ दिन पहले हरियाणा से मजदूरी कर घर लौटा था। परिजनों के मुताबिक, इसके बाद वह आए दिन शराब के नशे में घर पहुंचता था। बृहस्पतिवार देर शाम भी वह नशे में घर आया और पत्नी लक्ष्मी से विवाद करने लगा। मां रामदेवी ने विरोध किया तो उनसे भी कहासुनी हुई। बताया गया कि रामदेवी गांव के कुछ लोगों को बुलाने के लिए बाहर चली गईं। इसी दौरान प्रमोद ने महक के साथ मारपीट की और उसे जमीन पर पटक दिया। यूपी 112 की पुलिस टीम महक को सीएचसी ले गई, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया।
कोतवाल नरेंद्र प्रताप राय ने बताया कि महक के शरीर पर चोट के स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं। सूचना दर्ज कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। सीओ करनैलगंज आनंद राय ने बताया कि पोस्टमार्टम में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। चिकित्सकों ने विसरा सुरक्षित किया है, जिसे जांच के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजा जाएगा। तहरीर मिलने और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।