गोंडा। कलेक्ट्रेट सभागार में बृहस्पतिवार को आयोजित जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में डीएम प्रियंका निरंजन ने कहा कि सभी प्रमुख मार्गों और सड़कों पर आवश्यक संकेतक बोर्ड लगाए जाएं। इन बोर्डों पर निकटतम अस्पताल, पुलिस स्टेशन, फायर स्टेशन और अन्य जरूरी सेवाओं की दूरी स्पष्ट रूप से अंकित की जाए। इससे दुर्घटना की स्थिति में लोगों को तत्काल मदद प्राप्त करने में सुविधा होगी।
बैठक में सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा करते हुए डीएम ने लोक निर्माण, परिवहन व पुलिस विभाग और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों को निर्देश दिए कि दुर्घटना संभावित स्थलों यानी ब्लैक स्पॉट्स को प्राथमिकता के आधार पर चिह्नित किया जाए। इन स्थानों पर चेतावनी बोर्ड, स्पीड ब्रेकर, रिफ्लेक्टर, स्ट्रीट लाइट और रोड मार्किंग जैसी सुरक्षा व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं, जिससे सड़क हादसों में कमी लाई जा सके।
डीएम ने कहा कि स्कूलों और कॉलेजों में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। बैठक में सीडीओ दयानंद प्रसाद, एडीएम आलोक कुमार, मुख्य राजस्व अधिकारी रिंकी जायसवाल, सीओ सिटी आनंद कुमार राय, सीओ यातायात विनय कुमार सिंह, एआरटीओ प्रशासन आरसी भारतीय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।