गोंडा। हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं की स्क्रूटनी के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। डीआईओएस डॉ. रामचंद्र ने बताया कि स्क्रूटनी के इच्छुक छात्र-छात्राएं यूपी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट upmsp.edu.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। स्क्रूटनी के लिए प्रति प्रश्नपत्र 500 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। लिखित और प्रयोगात्मक परीक्षा के लिए अलग-अलग शुल्क जमा करना होगा। डीआईओएस ने बताया कि अभ्यर्थियों को निर्धारित शुल्क चालान के माध्यम से राजकीय कोषागार में जमा करना होगा। इसके बाद ऑनलाइन आवेदन पत्र डाउनलोड कर उसकी प्रिंट कॉपी और शुल्क जमा करने के मूल चालान को संलग्न करते हुए संबंधित क्षेत्रीय कार्यालय को रजिस्टर्ड डाक से 17 मई तक भेजना है। (संवाद)