पसका। परसपुर के ऐतिहासिक राजमंदिर परिसर में रियासतकाल से चली आ रही श्रीराम विवाह महोत्सव की परंपरा इस वर्ष भी निभाई जाएगी। पांच दिवसीय महोत्सव 10 से 14 दिसंबर तक आयोजित होगा। शनिवार को श्रीराम विवाह महोत्सव समिति की बैठक में कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करने के साथ तैयारियों पर चर्चा की गई।
समिति अध्यक्ष विश्वनाथ प्रताप सिंह ने बताया कि राजा सगरा स्थित राजा टोला में आयोजन की तैयारियां की जा रही हैं। महोत्सव के दौरान रामायण के विभिन्न प्रसंगों का मंचन, गीत-संगीत और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। अंतिम दिन 14 दिसंबर को गाजे-बाजे और आकर्षक झांकियों के साथ श्रीराम की भव्य बरात निकाली जाएगी। बरात कस्बे के विभिन्न मार्गों से होते हुए राजमंदिर पहुंचेगी। यहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच श्रीराम और देवी सीता का विवाह संपन्न कराया जाएगा। बैठक में प्रशांत सिंह सोमू, अरविंद सिंह, कृष्णपाल सिंह सहित समिति के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।