श्रावस्ती में तैनात आरआई राजेंद्र कुमार पाधा की शुक्रवार को गोंडा में संदिग्ध हालात में जान चली ?
गोंडा। श्रावस्ती के संभागीय परिवहन विभाग के कार्यालय में तैनात आरआई (संभागीय निरीक्षक प्राविधिक) की गुरुवार की देर रात संदिग्ध हालात में मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी व बेटे को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से मां-बेटे को नाजुक हालत में लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। आरआई की पत्नी ने ठंड से बचाव के लिए गुरुवार की रात तसले में आग जलाई थी और उसे कमरे में रखकर परिवार के साथ ताप रही थी। इसी दौरान एक-एक करके तीनों बेहोश होने लगे। आरआई का बेटा किसी तरह कमरे का दरवाजा खोलकर आवाज लगाता बाहर निकला। माना जा रहा है कि आग से निकली कार्बन मोनो आक्साइड की चपेट में आने से आरआई की मौत हुई है, जबकि पत्नी व बेटे की हालत नाजुक बनी हुई है। दोनों को लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में आरआई की मौत कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। इसलिए विसरा प्रिजर्व कर दिया गया। जिसे जांच के लिए फोरेंसिक लैब लखनऊ भेजा जाएगा।
हापुड़ जनपद के बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के मुज्ज्फरा बादड़पुर के रहने वाले राजेन्द्र कुमार पाधा (53) गोंडा जनपद में संभागीय परिवहन विभाग में आरआई थे। पाधा अपने परिवार के साथ कोतवाली नगर के पंतनगर फोरविसगंज में अधिवक्ता अजय शंकर श्रीवास्तव बंटी के मकान में किराए पर रहते थे। छह माह पहले उनका तबादला श्रावस्ती जनपद के लिए कर दिया गया। अधिवक्ता अजय शंकर श्रीवास्तव बंटी ने बताया कि गुरुवार को शीतलहर से बचने के लिए पाधा के परिवार के लोगों ने तसले में आग जलाई थी। जिसे कमरे में रखकर आरआई पाधा उनकी पत्नी कुसुमलता (50) व बेटा गौरव (23) आग ताप रहे थे। इसी बीच वह सभी एक-एक करके बेहोश होने लगे। आरआई पाधा का बेटा गौरव किसी तरह दरवाजा खोलकर बाहर निकला तो उसे उल्टी होने लगी और उसने पड़ोस के किराएदार की पत्नी को अवाज लगाई। अजय शंकर ने बताया कि शोर सुनकर वह भी पहुंचे। मगर तब तब आरआई पाधा और उनकी पत्नी बेहोश पड़ी थी। तीनों को जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां आरआई पाधा की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी कुसुमलता व बेटे गौरव को प्राथमिक उपचार के बाद लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया।
संभागीय निरीक्षक प्राविधिक राजेन्द्र कुमार पाधा की मौत का कारण स्पष्ट नहीं हुआ है, संदेह है कि आरआई की मौत जहर से हुई है, इसलिए विसरा सुरक्षित कर दिया गया है। जिसकी फोरेंसिक जांच के बाद मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। -डॉ. सुरेश चंद्रा, सीएचसी अधीक्षक करनैलगंज
कमरे से मिली राख का फारेंसिक टीम ने लिया नमूना
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। इसलिए विसरा प्रिजर्व कर दिया गया है। शुक्रवार की सुबह पहुंची फोरेंसिक टीम ने आरआई के कमरे की फोटोग्राफी की। कमरे में आग की राख मिली है। टीम ने कमरे में मिली पत्थर कोयला के आग की राख का नमूना भी लिया है। जिसे जांच में शामिल किया जाएगा। -महेन्द्र कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक
हापुड़ में होगा आरआई का अंतिम संस्कार
संभागीय निरीक्षक प्राविधिक राजेन्द्र कुमार पाधा का अंतिम संस्कार हापुड़ में उनके गृह निवास के पास किया जाएगा। पाधा के भाई सुरेन्द्र उपाध्याय ने बताया कि गोंडा में पोस्टमार्टम के बाद वह पाधा का शव लेकर अपने घर के लिए रवाना हो गए हैं। बताया कि पाधा का अंतिम संस्कार हापुड़ में घर के समीप किया जाएगा।