डुमरियाडीह। वजीरगंज के टिकरी में रविवार शाम पकड़े गए दो अपहर्ता व मुक्त कराए गए दोनों बालकों को श्रावस्ती पुलिस सोमवार को अपने साथ ले गई। भिनगा निवासी दो बालकों को कार सवार हसन निवासी लोनी जिला गाजियाबाद और इरफान निवासी प्रेमनगर, नार्थ वेस्ट दिल्ली जबरन अपने साथ ले जा रहे थे।
टिकरी कस्बे में आरोपियों ने गुटखा खरीदने के लिए कार रोकी थी। उसी समय दोनों बालकों ने शोर मचा दिया था। इस पर स्थानीय लोगों ने आरोपियों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया था। घटना की सूचना पर एएसपी राधेश्याम राय और सीओ डॉ. उमेश्वर प्रभात सिंह ने आरोपियों से पूछताछ के बाद श्रावस्ती पुलिस को सूचना दी।
इसके बाद भिनगा के प्रभारी निरीक्षक एसपी सिंह और श्रावस्ती के एसओजी प्रभारी पुलिस टीम के साथ वजीरगंज थाने पहुंचे। दोनों बालकों व आरोपियों को सुपुर्दगी में लेकर लौट गए। सीओ ने बताया कि घटना के संबंध में भिनगा कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज की गई है। वहां की पुलिस आरोपियों व बच्चों को सुपुर्दगी में ले गई है। आगे की कानूनी कार्रवाई वहीं से की जाएगी।