गोंडा। जनगणना ड्यूटी में अनियमितता का आरोप लगाते हुए मंगलवार को शिक्षामित्रों ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर जांच की मांग उठाई। शिक्षामित्र संघ के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि ड्यूटी निर्धारण में नियमों की अनदेखी करते हुए दिव्यांग, उम्रदराज तथा पहले से बीएलओ कार्य में लगे शिक्षामित्रों को भी जनगणना में लगा दिया गया है।
शिक्षामित्र संघ के जिलाध्यक्ष अवधेश मणि मिश्र ने आरोप लगाया कि सदर तहसील क्षेत्र में बिना किसी प्रार्थना पत्र या निर्धारित प्रक्रिया के करीब 400 कर्मचारियों के नाम काट दिए गए। उनकी जगह दूरदराज के क्षेत्रों के शिक्षामित्रों की ड्यूटी लगा दी गई, जिससे उनमें नाराजगी है। उन्होंने दावा किया कि छह माह पहले दिवंगत हो चुके शिक्षामित्र जयप्रकाश तिवारी का नाम भी जनगणना की ड्यूटी में शामिल कर दिया गया।
शिक्षामित्रों ने आरोप लगाया कि दिव्यांग और अधिक उम्र वाले शिक्षामित्रों को भी राहत नहीं दी गई, जबकि कई लोग पहले से बीएलओ कार्य में तैनात हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने मौके पर ही तहसीलदार से जानकारी तलब की और आवश्यक जांच कर उचित कार्रवाई के निर्देश दिए। इस दौरान जिला मंत्री अभिमन्यु प्रसाद मिश्रा, दुर्गा प्रसाद शुक्ला, तेजेंद्र कुमार शुक्ला, रामनिवास जायसवाल, इंदु पांडेय, रामेश्वर प्रसाद, पवन कुमार आदि मौजूद रहे।