गोंडा। खरगूपुर पुलिस ने शनिवार को जमीन के नाम पर 58 लाख रुपये ठगी के मामले में हिस्ट्रीशीटर समेत सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 21 लाख की नकदी, मोबाइल और चार पहिया वाहन बरामद किया है।
एएसपी (पूर्वी) मनोज कुमार रावत ने बताया कि थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह की अगुवाई में खरगूपुर के तेंदुआ कहला निवासी कृष्ण कुमार उर्फ रूस्तम के अलावा भगवानदीन पुरवा निवासी शशांक तिवारी, बहराइच के विशेश्वरगंज के जनूब खरगौरा निवासी अशोक चौहान, दीनानाथ चौहान की पत्नी शांति देवी, पयागपुर के मुंडेरवा ठकुराइन निवासी राजू मिश्रा, नानपारा रामगढ़ी भवनियापुर जमुनहा निवासी काजल देवी और श्रावस्ती के इकौना टेडवा महंथ निवासी अशोक यादव को गिरफ्तार किया गया है। बताया कि कृष्ण कुमार उर्फ रुस्तम खरगूपुर थाने का हिस्ट्रीशीटर है। वह अन्य साथियों की मदद से दूसरे प्रदेशों में रहने वाले लोगों की खाली पड़ी भूमि का फर्जी दस्तावेज तैयार कर सस्ती कीमतों पर बिक्री का झांसा देकर ठगी करता था। सीओ सिटी आनंद कुमार राय ने बताया कि आरोपियों ने खरगूपुर बाजार निवासी शत्रोहन प्रसाद तिवारी को अपने जाल में फंसाकर 58 लाख रुपये ठग लिए थे।