मदरसा आधुनिकीकरण शिक्षक संघ की बैठक सोमवार को नगर पालिका मैरिज हाल में हुई। इसमें मदरसा शिक्षकों के स्थायीकरण की मांग को लेकर आंदोलन की रणनीति तय की गई।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए मदरसा आधुनिकीकरण शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष हाजी समीउल्लाह खां ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा मदरसा शिक्षकों के हितों की अनदेखी की जा रही है। चुनावी घोषणापत्र में किये गये वादों को सरकार पूरा नहीं कर रही है।
उन्होंने बताया कि मदरसा शिक्षकों के स्थायीकरण व बकाया मानदेय के भुगतान आदि मांगों को लेकर संघ पदाधिकारियों द्वारा शीघ्र ही सीएम व पीएम को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
ज्ञापन सौंपने के एक सप्ताह के अंदर मांगे पूरी न होने पर लखनऊ व दिल्ली में विशाल धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
बैठक को शमशुल हक, फिदा अली शाह, अबू बकर खां व मोहम्मद इरफान आदि ने भी संबोधित किया। इस मौके पर कलीम, रईस, इरफान, निजामुद्दीन, नौशाद, शहनवाज व शहजादे आदि मदरसा शिक्षक मौजूद रहे।