बकाया गन्ना मूल्य भुगतान को लेकर किसान यूनियन ने आरपार की लड़ाई का एलान कर दिया है। डीएम को ज्ञापन सौंपकर चीनी मिल चलने से पहले बकाया गन्ना मूल्य भुगतान किये जाने की मांग की गई। शीघ्र ही गन्ना मूल्य का भुगतान न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
जिलाध्यक्ष हृदय राम वर्मा के नेतृत्व में भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
डीएम को सौंपे गये ज्ञापन के जरिये यूनियन कार्यकर्ताओं ने कहा है कि नया पेराई सत्र शुरू होने वाला है लेकिन अभी तक किसानों को बकाया गन्ना मूल्य का भुगतान ही नहीं किया गया।
किसान गन्ना मूल्य पाने के लिए चीनी मिल प्रबंधन का चक्कर काट रहे हैं। किसान यूनियन के नेताओं ने नये सत्र में चीनी मिल चलने से पहले बकाया गन्ना मूल्य के भुगतान, नये सत्र में 400 रुपये प्रति क्विंटल गन्ना मूल्य घोषित किये जाने तथा न्याय पंचायत स्तर पर धान क्रय केंद्र खोले जाने की मांग की है।
किसानों नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही इन मांगों पर प्रभावी कार्रवाई न की गई तो धरना-प्रदर्शन व चक्का जाम किया जाएगा।
ज्ञापन सौंपते समय यूनियन के जिला सचिव दीनानाथ, दद्दू उपाध्याय, राजू पांडेय, छेदीराम व मनोज कुमार आदि किसान नेता मौजूद रहे।