गोंडा। जिले के करीब 3500 परिषदीय, सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त विद्यालयों में विद्यार्थियों की सुरक्षा व्यवस्था परखी जाएगी। इसके लिए स्कूल सुरक्षा ऑडिट एवं रिस्क असेसमेंट अभियान शुरू किया जा रहा है। अभियान के तहत विद्यालयों की सुरक्षा व्यवस्था का व्यापक मूल्यांकन कर कमियों को दूर करने के लिए समयबद्ध कार्ययोजना लागू की जाएगी।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि शासन द्वारा नामित संस्था के प्रशिक्षित विशेषज्ञ विद्यालयों का सुरक्षा ऑडिट करेंगे। भवन की संरचनात्मक मजबूती, अग्नि सुरक्षा, आपदा प्रबंधन, बाल सुरक्षा, बाउंड्रीवाल, आपातकालीन निकास, प्राथमिक उपचार किट समेत सभी जरूरी सुरक्षा मानकों की विस्तार से जांच होगी। ऑडिट के बाद प्रत्येक विद्यालय की अलग-अलग सुरक्षा रिपोर्ट तैयार की जाएगी। अभियान में सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को ऑडिट टीम को आवश्यक सहयोग देने के निर्देश दिए गए हैं। बीएसए ने कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सुरक्षा ऑडिट से विद्यालयों की वास्तविक स्थिति सामने आएगी।