रूपईडीह (गोंडा)। खंड विकास अधिकारी वर्षा सिंह ने शनिवार को लगभग आधा दर्जन ग्राम पंचायतों में बन रहे पंचायत भवन/सामुदायिक शौचालय का औचक निरीक्षण किया। खंड विकास अधिकारी को बनगाई गांव में निर्माण की गुणवत्ता में खामियां मिलीं। जिसपर उन्होंने सचिव व ग्राम प्रधान को कड़ी फटकार लगाई। बीडीओ वर्षा सिंह ने बताया कि बनगाई ग्राम पंचायत में पंचायत भवन/सामुदायिक शौचालय में ईंट मानक के विपरीत लगाई जा रही थी।
सीमेन्ट व बालू की गुणवत्ता भी सही नहीं थी। जिसपर सचिव व ग्राम प्रधान को गुुणवत्तापूर्ण निर्माण कराने की हिदायत दी है। इसी तरह ग्राम पंचायत सुसगंवा में आंगनबाड़ी भवन के निर्माण में मानक की अनदेखी न करने की चेतावनी दी है। ग्राम पंचायत पचरन में लाखों की लागत से विगत दो वर्ष से गौशाला बनाया जा रहा है जो अभी तक पूरा नहीं हो पाया है।
जिस पर बीडीओ ने नाराजगी जताई। उन्होंने गोशाला का निर्माण तीन दिन के अंदर पूरा करने के निर्देश पंचायत सचिव को दिए हैं। बताया कि 28 नवंबर से गौशाला का संचालन होना है। जिसकी तैयारी के लिए पंचायत सचिव व ग्राम प्रधान को निर्देश दिए गए हैं।