गोंडा। नगर कोतवाली क्षेत्र के विष्णुपुरी कॉलोनी में जिम संचालक शिवम पटेल की खुदकुशी के मामले में पुलिस अब कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) खंगाल रही है। मृतक के मोबाइल को जांच के लिए कब्जे में लिया गया है। पुलिस जिम में आने वाले युवाओं व परिचितों से भी पूछताछ करेगी। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही खुदकुशी के कारण स्पष्ट हो सकेंगे।
जिम संचालक ने शुक्रवार की भोर अपने घर के कमरे में फंदे से लटककर खुदकुशी कर ली थी। बेटे के इस कदम से पिता भी हैरान हैं, उसकी न तो किसी से विवाद की बात सामने आई थी और न ही परिवार में कोई मामला था। घटना के बाद पुलिस ने उसके कमरे का कोना-कोना खंगाला, लेकिन आईफोन के अतिरिक्त कुछ ऐसा नहीं मिला, जिससे पुलिस आत्महत्या के कारणों का पता लगा सके। पुलिस ने आईफोन की जांच की तो एक बात सामने आई थी कि उसने यूटयूब पर सुसाइड वीडियो देखकर खुदकुशी की थी।
अब पुलिस की नजर उसके आईफोन पर टिकी है। उसका सीडीआर खंगाला जा रहा है। नगर कोतवाल विंदेश्वरी मणि त्रिपाठी का कहना है कि जांच चल रही है। जिम संचालक के आत्महत्या के कारणों को पता लगाने के लिए जिम में आने वाले युवाओं व परिचितों से पूछताछ की जाएगी।