गोंडा। जिले में कोडीनयुक्त कफ सिरप और नशीली दवाओं के अवैध कारोबार के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी अमन कसौंधन की तलाश तेज कर दी है। 1.13 करोड़ रुपये की दवाएं पकड़ी गई थीं। वहीं खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) ने कार्रवाई का दायरा बढ़ाते हुए दवाओं की खरीद-बिक्री करने वाली छह अन्य होलसेल फर्म की गोपनीय जांच शुरू कर दी है।
कोतवाल नगर विंदेश्वरी मणि त्रिपाठी ने बताया कि मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। उसकी तलाश में अन्य जिलों में भी कार्रवाई की जा रही है। उधर, एफएसडीए की जांच में सामने आया कि आरोपी की फर्म अमन फार्मास्युटिकल को वर्ष 2020 में जयनगरा स्थित पते पर होलसेल का लाइसेंस जारी किया गया था।
नियमानुसार वर्ष 2025 में लाइसेंस का नवीनीकरण होना था, लेकिन नवीनीकरण कराए बिना ही फर्म द्वारा कथित रूप से बड़े स्तर पर दवा कारोबार किया जाता रहा। इस अनियमितता के आधार पर विभाग ने फर्म का होलसेल लाइसेंस निरस्त करने के साथ ही अन्य बिंदुओं की जांच शुरू कर दी है।