गोंडा। दो माह पहले पहड़वा लौव्वा टेपरा गांव में खनन करते समय पकड़े गए ट्रैक्टर को खनन अधिकारी कोतवाली देहात ले आए। जहां जुर्माना लगाते हुए उसे सीज कर दिया। टैक्टर मालिक ने जुर्माना की रकम साढ़े तीन लाख रुपये चुकाया तो उसे रिलीज करने का आदेश कर दिया गया। लेकिन जब ट्रैक्टर लेने कोतवाली देहात पहुंचा तो उसके बैटरी चोरी हो चुकी थी। रिलीज आर्डर देने के बाद जब उसने कोतवाली देहात पुलिस से शिकायत दर्ज कराई तो बताया गया कि काफी दिनों से खड़ा था कोई खोल ले गया। ट्रैक्टर मालिक ने खनन अधिकारी से मिलकर बैटरी चोरी की बात बताई तो खनन अधिकारी ने कोतवाल देहात को मामले में कार्रवाई का पत्र भेजा है।
थाना तरबगंज क्षेत्र के निहालपुरवा के रहने वाले शिवशंकर मिश्रा ने बताया कि 16 मई 2022 को चालक उनका ट्रैक्टर लेकर कोतवाली देहात क्षेत्र के पहड़वा लौव्वा टेपरा गांव के पास मिट्टी की खुदाई कर रहा था। खनन अधिकारी ने पकड़ लिया और साढ़े तीन लाख रुपये का जुर्माना लगाते हुए कोतवाली देहात लाकर सीज कर दिया। शिवशंकर ने बताया कि सोमवार को जुर्माने की रकम चुका दी। इसके बाद खनन अधिकारी से रिलीज आर्डर लेकर कोतवाली देहात पहुंचा। वहां देहात पुलिस को रिलीज आर्डर देने के बाद ट्रैक्टर देखने गया तो उसकी बैटरी चोरी हो चुकी थी। उसने शिकायत दर्ज कराई तो बताया कि ट्रैक्टर काफी दिनों से खड़ा था, कोई बैटरी खोल ले गया।
शिवशंकर ने खनन अधिकारी से मिलकर बैटरी चोरी की बात बताई तो उन्होंने कोतवाल देेहात को कार्रवाई के लिए पत्र भेजा है। सीनियर खनन अधिकारी आरपी सिंह ने बताया कि मामले में कोतवाल देहात को कार्रवाई के लिए पत्र भेजा गया है। कोतवाली देहात के प्रभारी निरीक्षक कमलाकांत त्रिपाठी ने बताया कि मामले की जानकारी नहीं है। खनन अधिकारी का पत्र नहीं मिला है, मिलने पर जांच कराई जाएगी। संवाद