करनैलगंज के बरवलिया में जांच करतीं एसडीएम नेहा मिश्रा। - संवाद
करनैलगंज। अधिवक्ताओं के न्यायिक कार्य से विरत रहने के कारण एसडीएम नेहा मिश्रा ने मुकदमों की सुनवाई का तरीका बदल दिया है। मंगलवार को उन्होंने दो ग्राम पंचायतों में पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण और मुकदमों की सुनवाई की।
बरवलिया तालुकेदारी का एक मुकदमा राजस्व संहिता की धारा 24 के तहत एसडीएम न्यायालय में विचाराधीन था। एसडीएम ने मौके पर पहुंचकर सुनवाई की। दोनों पक्षों को सुनकर पत्रावली आदेश के लिए सुरक्षित कर ली गई। वहीं, कुंवरपुर अमरहा में तालाब की भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत पर उन्होंने स्थलीय निरीक्षण किया। कब्जेदारों को स्वतः अतिक्रमण हटा लेने की चेतावनी दी। कब्जा न हटाने पर बुलडोजर चलाया जाएगा। पारा निवासी प्रह्लाद पांडेय ने तालाब की भूमि पर छह लोगों द्वारा पक्का निर्माण कर लेने की शिकायत की थी। इस मामले में नायब तहसीलदार हलधरमऊ, राजस्व निरीक्षक भंभुआ व संबंधित लेखपाल की संयुक्त टीम बनाकर रिपोर्ट तलब की गई है। एसडीएम ने कहा कि वादकारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए उन्होंने ‘न्यायालय आपके द्वार’ अभियान शुरू किया है।